गंगापुर में मुस्लिम प्रीमियर लीग सीजन 2 की तैयारियां शुरू, रजिस्ट्रेशन जारी
भीलवाड़ा के गंगापुर में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग लेंगी, जिसका सीधा प्रसारण मेवाड़ GMPL 2 चैनल पर होगा।
तस्वीर में दो पुरुष क्रिकेट ट्रॉफी और माइक हाथ में लिए स्टेडियम में खड़े हैं।
गंगापुर, भीलवाड़ा। गंगापुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए मुस्लिम प्रीमियर लीग सीजन 2 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सीजन के लिए 1 अक्टूबर 2026 से खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए हैं। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 रखी गई है।
आयोजनकर्ता अकरम मोहम्मद सिंधी उर्फ टाइगर ने बताया कि मुस्लिम प्रीमियर लीग सीजन 2 की क्रिकेट प्रतियोगिता की तारीख नवंबर माह में निर्धारित की जाएगी। पांच दिवसीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग लेंगी।
प्रीमियर लीग के मुख्य संयोजक नूर मोहम्मद खान कायमखानी ने सभी टीमों और खिलाड़ियों से अपील की है कि वे 15 अक्टूबर 2026 से पहले अपना रजिस्ट्रेशन करवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बाद किसी भी रजिस्ट्रेशन पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मुस्लिम प्रीमियर लीग सीजन 1 सभी के सहयोग से सफल रहा था, जिसके मद्देनजर मुस्लिम प्रीमियर लीग सीजन 2 की शुरुआत की गई है।
इस टूर्नामेंट का आयोजन संभावित रूप से नवंबर माह के अंतिम सप्ताह तक होगा। प्रतियोगिता में देश के मशहूर इंटरनेशनल अंपायर मोहम्मद रफी की रोमांचक अंपायरिंग देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता में अभिनेता एवं नेता भी शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार इस बार क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबलों का सीधा लाइव प्रसारण अमित बोलियों इंटरनेशनल स्कूल क्रिकेट ग्राउंड्स से मेवाड़ GMPL 2 चैनल पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
प्रीमियर लीग के संरक्षक इकबाल मोहम्मद छीपा ने गंगापुर के इच्छुक क्रिकेट खिलाड़ियों से 15 अक्टूबर से पहले बिना देरी किए अपना रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने गंगापुर के क्रिकेट प्रेमियों से इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।