विधायक कोठारी की अनुशंसा पर भीलवाड़ा में 4.04 करोड़ के विकास कार्यों की निविदाएं जारी
नगर विकास न्यास ने भीलवाड़ा में सड़क, पार्क और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 4.04 करोड़ रुपये के कार्यों की निविदाएं आमंत्रित की हैं।
भीलवाड़ा, 7 अक्टूबर। भीलवाड़ा शहर में सड़क, पार्क, विद्युत, सामुदायिक भवन और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े 4.04 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर नगर विकास न्यास ने ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं। ये कार्य विधायक अशोक कुमार कोठारी की अनुशंसा पर प्रस्तावित किए गए हैं। निविदा प्रक्रिया के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
नगर विकास न्यास की ओर से जारी निविदा में कुल 10 कार्य शामिल हैं। इनमें स्कैनिंग लोकल सर्वर के लिए 5 केवी का यूपीएस लगाने का कार्य 2.58 लाख रुपये, न्यास की योजना पंचवटी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट संबंधी कार्य 3.33 लाख रुपये, बेटी गौरव पार्क का वार्षिक रख-रखाव एवं सुरक्षा 4.17 लाख रुपये, पंचवटी क्षेत्र के पार्क में पोल एवं एलईडी लाइट लगाने का कार्य 5.75 लाख रुपये तथा शिवाजी पार्क का वार्षिक रख-रखाव एवं सुरक्षा 7 लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा।
इसी क्रम में किशनावतो की खेड़ी में सामुदायिक भवन, हॉल, शौचालय और स्नानघर निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा नेहरू विहार योजना के सेक्टर-18 पार्क के विकास एवं अन्य जनसुविधा से जुड़े कार्यों के लिए 49.37 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
सड़क विकास से जुड़े कार्यों में रेलवे अंडरपास चित्तौड़ रोड से कुंभा सर्किल, आजाद नगर स्कीम तक सड़क के नवीनीकरण पर 87.51 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सिद्धार्थ नगर से 60 फीट रोड को 200 फीट रिंग रोड तक कैनाल के समानांतर सुदृढ़ करने के लिए 99.64 लाख रुपये तथा अजमेर रोड की ओर मास्टर प्लान के अनुसार बीटी सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 35 लाख रुपये की अनुमानित लागत रखी गई है।
नगर विकास न्यास की ओर से जारी निविदा में इन 10 कार्यों की कुल अनुमानित लागत 4 करोड़ 4 लाख रुपये है। इनमें सड़क और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े बड़े कार्यों के साथ पार्कों, विद्युत व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। कार्यों की अवधि 2 माह से 12 माह तक निर्धारित की गई है।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा शहर में सड़क, पार्क, विद्युत और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका प्रयास है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य स्वीकृत कराकर उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा करवाया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इन विकास कार्यों के पूरा होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं के साथ पार्कों के विकास एवं रख-रखाव को भी गति मिलेगी।