गंगापुर नगरपालिका के सभागार में विधायक लादू लाल पितलिया और अन्य जनप्रतिनिधि।

गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका में राज्य सरकार के निर्देशानुसार सेवा सेतु अभियान-2026 का शुभारंभ हुआ। अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पार्षदों ने विधायक पितलिया का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

विधायक लादू लाल पितलिया ने नगरपालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनके प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय पर निस्तारण किया जाए।

विधायक ने आमजन से जुड़े कामकाज के निस्तारण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित समाधान करने तथा सेवा सेतु अभियान का अधिक से अधिक लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था पर भी विशेष फोकस करने को कहा। नियमित सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगरपालिका प्रशासन को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सेवा सेतु अभियान के तहत नगरपालिका परिसर में वार्डवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित कार्यों का निस्तारण करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक पितलिया का नवनिर्वाचित पार्षदों ने स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से वार्डवार शिविरों में आमजन की समस्याओं और लंबित कार्यों के निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।

Tags: