भीलवाड़ा: पुर में महिला पर चाकू से हमला कर लूट, पुलिस में आक्रोश
7 दिन बाद भी लुटेरे की गिरफ्तारी न होने से पुर के बाशिंदों ने थाने में प्रदर्शन कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
तस्वीर में पुर पुलिस थाने के बाहर लोगों का समूह खड़ा नजर आ रहा है।
भीलवाड़ा के शहर उपनगर पुर में घर से निकलकर शौच के लिए जा रही 55 वर्षीय कमला पर चाकू से हमला कर गहने लूटने की वारदात को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक लुटेरे को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वारदात के बाद से कस्बे में दहशत का माहौल है। इससे गुस्साए पुर के बाशिंदे मंगलवार को पुर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी कन्हैयालाल से मुलाकात कर लुटेरे की गिरफ्तारी तथा गश्त व्यवस्था चाकचौबंद करने की मांग की। थाना प्रभारी ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि लुटेरा गिरफ्तार नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा और पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई जाएगी।
पुर उपनगर के वार्ड नंबर दो के पार्षद संपत गंदर्व, पूर्व पार्षद हीरालाल, योगेश, संपत माली सहित दो दर्जन से ज्यादा लोग पुर थाने पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी कन्हैयालाल से मुलाकात कर कमला जाट के साथ हुई लूट के मामले में लुटेरे को गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि वारदात को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुर के बाशिंदे वारदात के बाद से सहमे हुए हैं। उन्होंने लुटेरे की गिरफ्तारी के साथ क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग भी रखी।
इस पर थाना प्रभारी ने जल्द ही लुटेरे को दबोचने का आश्वासन दिया। वहीं, पुर के प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी नहीं होने पर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया जाएगा।
क्या था मामला
पुर चुंगीनाका क्षेत्र निवासी श्यामलाल जाट की पत्नी कमला (55) बुधवार अल सुबह अपने घर से फ्रेश होने के लिए निकली थीं। घर से महज 100 से 150 कदम की दूरी पर एक बाइक सवार बदमाश ने उन्हें रोक लिया। बदमाश ने कमला से किसी 'लादू' के मकान का पता पूछा और उनके बेहद करीब जाने लगा। अचानक हुई इस हरकत से कमला घबरा गईं और खुद को बचाने के लिए पास से एक पत्थर उठा लिया।
इसके बाद गुस्साए बदमाश ने बिना एक पल गंवाए जेब से चाकू निकाला और कमला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से महिला के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं।
इसके बाद लुटेरे ने कमला के गले में पहना सोने का मांदलिया, जिसमें दो मोती लगे हुए थे, चाकू से काटकर अलग कर लिया और अपनी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। मामले को लेकर पुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। वारदात के सात दिन बाद भी लुटेरे की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।