गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गंगापुर से गौ भक्तों का जत्था भीलवाड़ा रवाना, जिला प्रशासन को सौंपेंगे ज्ञापन
गंगापुर से गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौ भक्तों का जत्था भीलवाड़ा रवाना हुआ। जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गौ संरक्षण और जनकल्याणकारी मांगें राज्य सरकार तक पहुंचाई जाएंगी।
तस्वीर में दिख रहे लोग एक सफेद रंग की बस के आगे हाथ में अभियान से जुड़े पोस्टर और पर्चे लेकर खड़े हैं।
गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला स्तर पर प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) प्रस्तुत करने के लिए गंगापुर उपखंड से गौ भक्तों का एक जत्था सोमवार अल सुबह बस द्वारा भीलवाड़ा के लिए रवाना हुआ। समाजसेविका विमला देवी तेली की अगुवाई में रवाना हुए इस जत्थे ने अभियान की सफलता और गौ संरक्षण के संकल्प के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ की।
अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार तक गौ संरक्षण, संवर्धन एवं गौ आधारित जनकल्याणकारी मांगों को पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को गौ सेवा और गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को व्यापक समर्थन मिल सके।
भीलवाड़ा के लिए रवाना हुए जत्थे में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहसील प्रभारी राजेश रांका, प्रशांत सिंघवी, सुनील सिंह, शोभालाल जीनगर, राजेंद्र मोगरा, विद्या प्रसाद जोशी, प्रभुलाल माली और दया सैनी सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त शामिल रहे। रवाना होने से पूर्व सभी ने गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश देते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। जिला स्तर पर प्रस्तावित ज्ञापन के माध्यम से गौ संरक्षण और गौ आधारित जनकल्याणकारी मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।