गंगापुर कांग्रेस कार्यालय में टिकट दावेदारों की बढ़ी हलचल, वार्ड 13 से ललिता साँखला ने किया आवेदन
गंगापुर नगरपालिका चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यालय में टिकट दावेदारों की हलचल बढ़ी, वार्ड 13 से ललिता साँखला ने आवेदन किया।
तस्वीर में गंगापुर कांग्रेस कार्यालय के भीतर कांग्रेस नेता और वार्ड नंबर 13 से टिकट की दावेदार ललिता साँखला समर्थकों के साथ आवेदन पत्र सौंपती हुई नजर आ रही हैं।
गंगापुर नगरपालिका चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी कार्यालयों में टिकट की चाह रखने वाले दावेदारों की आवाजाही बढ़ने लगी है। गंगापुर कांग्रेस कार्यालय में भी संभावित प्रत्याशियों की भीड़ नजर आने लगी है और टिकट के लिए दावेदार अपनी-अपनी मजबूत पैरवी में जुट गए हैं।
इसी क्रम में वार्ड नंबर 13 से ललिता साँखला ने कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। ललिता साँखला ने अपने परिवार की पिछले करीब 50 वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा और पार्टी से जुड़े रहने की पृष्ठभूमि को आधार बनाते हुए टिकट के लिए मजबूत पैरवी की है।
इधर, कांग्रेस संगठन की ओर से संभावित प्रत्याशियों को लेकर रायशुमारी का दौर भी शुरू हो गया है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज चंदेल वार्डवार दावेदारों से चर्चा कर उनकी दावेदारी, पार्टी में सक्रियता और स्थानीय स्तर पर जनसमर्थन को लेकर रायशुमारी कर रहे हैं।
नगरपालिका चुनाव को लेकर टिकट वितरण से पहले कांग्रेस के भीतर दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में टिकट को लेकर पार्टी के भीतर राजनीतिक समीकरण और अधिक रोचक होने की संभावना है।