जिले के सुवाणा क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री के बाहर पुरानी रंजिश और अवैध वसूली के विवाद में एक महिला की कार से रौंदकर हत्या किए जाने के मामले में सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी बंटी छीपा को हिरासत में लिया है। थाने में उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

मृतका लाली देवी लोहार के बेटे किशन लोहार ने बताया था कि आरोपियों का उनके परिवार से किराए की गाड़ी को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद की आड़ में आरोपी उनसे 5 लाख रुपये की अवैध मांग कर रहे थे। मांग पूरी करने से इनकार करने पर आरोपियों ने घर पर हथियार लहराकर परिवार में खौफ पैदा किया था। इसके चलते पीड़ित परिवार को अपना गांव, मकान और प्लॉट छोड़कर भीलवाड़ा शिफ्ट होना पड़ा था।

पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ माह पूर्व आरोपियों ने उसकी पत्नी के जेवर भी छीन लिए थे।

घटना के समय पीड़ित सुवाणा स्थित फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसी दौरान आरोपी कार लेकर वहां पहुंचे। फैक्ट्री के मुख्य गेट पर खड़ी लाली देवी पर आरोपियों ने जानबूझकर आगे-पीछे करते हुए दो बार कार चढ़ा दी। कार से कुचले जाने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर वाहन सहित फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर बंटी छीपा और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपी बंटी छीपा से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की तलाश के साथ हत्या में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है। मामले में आगे की जांच पुलिस कार्रवाई के आधार पर जारी है।

Tags: