तस्वीर में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी दुकान के भीतर निरीक्षण कर रहे हैं.

भीलवाड़ा। शहर के नामी शॉपिंग मॉल डी-मार्ट में बिक रहे ड्राई फ्रूट्स में गंभीर लापरवाही सामने आई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान डी-मार्ट से 50 किलोग्राम फंगस लगा और सड़ा-गला काजू-पिस्ता बरामद किया। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पाए जाने पर टीम ने पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की तीन टीमें मंगलवार को एक्शन मोड में रहीं। टीमों ने डी-मार्ट के अलावा शहर के अन्य प्रमुख मॉल्स, बेकरी और ढाबों पर भी एक साथ छापामार कार्रवाई की और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा सफाई मानकों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अजमेर रोड स्थित केक ए फैक्ट्री से 8 किलो खराब बेकरी प्रोडक्ट बरामद कर नष्ट कराया गया। वहीं, माण्डल चौराहा स्थित यूनिक ढाबा से सड़े अंडे और दूषित सामग्री मिलाकर 10 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया।

कार्रवाई के दौरान ब्लीकंट ई-कॉमर्स से कच्ची घाणी सरसों तेल तथा द ओमजी सुपरमार्ट से घी और धनिया पाउडर के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए अजमेर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके साथ ही रिलायंस मॉल और सिटी सेंटर मॉल में पैकेजिंग एवं सफाई मानकों का भी जायजा लिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि लैब रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में शुद्धता अभियान लगातार जारी रहेगा।

डी-मार्ट में 50 किलो फंगस लगा काजू-पिस्ता मिलने और अन्य प्रतिष्ठानों से खराब व दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराए जाने की कार्रवाई ने खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण अभियान को प्रमुखता से सामने ला दिया है।

Tags: