भीलवाड़ा में चुनावी घमासान: निर्दलीय प्रत्याशी के घर ₹1 लाख रखने का आरोप, थाने पहुंचा मामला
भीलवाड़ा के वार्ड 49 में निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सेन ने भाजपा प्रत्याशी पर चुनाव से हटने का दबाव बनाने और घर में ₹1 लाख रखने का आरोप लगाया। पुलिस ने नकदी बरामद कर जांच शुरू की है।
तस्वीर में भीलवाड़ा के भीमगंज थाने के बाहर समर्थकों के साथ खड़े निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सेन और उनके समर्थक दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा में नगर निकाय/पार्षद चुनाव के बीच भीमगंज थाना क्षेत्र में कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 49 से निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सेन ने प्रतिद्वंद्वी पक्ष पर चुनाव से हटने का दबाव बनाने और घर में ₹1 लाख रखकर जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले के बाद वह दर्जनों समर्थकों के साथ भीमगंज थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
रोहित कुमार सेन ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि वह वार्ड नंबर 49 से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा से टिकट की दावेदारी के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उनके अनुसार, भाजपा प्रत्याशी अमित सारस्वत और उनकी टीम लगातार उन पर चुनाव मैदान से हटने और बैठने का भारी दबाव बना रही थी।
रोहित सेन का आरोप है कि जब उन्होंने चुनाव से हटने से साफ इनकार कर दिया, तो विपक्षी प्रत्याशी कथित रूप से उनके घर आया और बिस्तर पर ₹1,00,000 रखकर चला गया।
घटना के बाद रोहित कुमार सेन अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भीमगंज थाने पहुंचे। थाने के बाहर समर्थकों ने नारेबाजी की और लोकतंत्र को कथित तौर पर पैसों के दम पर खरीदने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर भीमगंज थाना अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया, "माणिक्य नगर निवासी रोहित सेन ने थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी उनके घर आया और ₹1 लाख रखकर चला गया।"
थाना अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित की पत्नी घर में सब्जी काट रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित की निशानदेही पर उसके घर से ₹1 लाख की नकदी बरामद कर ली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके।
चुनावी दौर में सामने आए इस आरोप के बाद भीलवाड़ा के संबंधित इलाके की राजनीति गरमा गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही अमित सारस्वत पर लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ पाएगी।