भीलवाड़ा में श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महामहोत्सव की मंगल लग्न पत्रिका लेखन में शामिल श्रद्धालु।

भीलवाड़ा में 20 नवम्बर को आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर आयोजित होने जा रहे 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव की तैयारियां धार्मिक उत्साह के साथ गति पकड़ रही हैं। महोत्सव के भव्य आयोजन से पहले बुधवार को मंगल लग्न पत्रिका का लेखन कर राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ सहित भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ को बारात लेकर पधारने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया गया।

सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस दिव्य महोत्सव के लिए मंगल लग्न पत्रिका का लेखन आयोजन के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। पत्रिका लेखन के बाद भगवान चारभुजानाथ को बारात लेकर पधारने की विनती के साथ यजमान परिवारों एवं समिति सदस्यों द्वारा विभिन्न मंदिरों में मंगल लग्न पत्रिका समर्पित की जा रही है।

श्री गढ़बोर चारभुजानाथ को मंगल लग्न पत्रिका भेंट कर बारात सहित पधारने का आमंत्रण देने के लिए यजमान राधेश्याम रितेश चेचाणी परिवार तथा मुख्य समिति के सदस्य 21 वाहनों में श्रद्धालुओं के साथ रवाना होंगे।

इसी क्रम में भीलवाड़ा के बड़े चारभुजाजी (बड़ा मंदिर) में यजमान रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार, दूदाधारी गोपाल मंदिर में यजमान घनश्याम, मुकेश राकेश सेठिया परिवार, संजय कॉलोनी चारजुभा मंदिर में यजमान सत्यनारायणा दिनेश ईनाणी परिवार तथा शेषसहाय चारभुजा मंदिर मांडल में यजमान कैलाश तोतला परिवार ने श्रद्धालुओं के साथ मंगल लग्न पत्रिका समर्पित कर भगवान को बारात लेकर पधारने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया।

आयोजन समिति के संयोजक एस.एन.गग्गड़ ने बताया कि सांवरिया सेठ नौगांवा, चारभुजाजी मंदिर सुभाषनगर, गायत्रीनगर, पटेलनगर और सांगानेर में 11 नवम्बर को मंगल लग्न पत्रिका भेंट कर भगवान को बारात लेकर पधारने का निवेदन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में श्री तुलसीजी के धर्म माता-पिता के रूप में सहभागी बनने के लिए दीपावली पर्व के मद्देनजर निर्धारित अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं के आग्रह पर पंजीयन प्रक्रिया जारी रखी गई है। गग्गड़ ने आयोजन समिति से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं से महोत्सव को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने तथा अपने परिजनों, मित्रों और समाजजनों को भी आयोजन से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक स्वर्णिम अवसर से कोई वंचित नहीं रहे। इसके लिए श्री तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने के इच्छुक दंपतियों को शीघ्र पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

महोत्सव के कार्यक्रम 17 नवम्बर से प्रारंभ होंगे। आयोजन स्थल मेडिसिटी ग्राउण्ड पर 17 से 19 नवम्बर तक प्रतिदिन दोपहर एक से 4 बजे तक रुक्मिणी मंगल कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन महोत्सव के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज करेंगे।

मंगल लग्न पत्रिका लेखन कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, राजेंद्र कचोलिया, एस एन गग्गड़, दिनेश विजयवर्गीय, कैलाश काबरा, हेमेंद्र शर्मा, श्यामसुंदर नोलखा, आचार्य योगेंद्र शर्मा, रजनीकांत आचार्य, छगन लाल जैन, हनुमान अग्रवाल, गोपीकिशन पाटोदिया, जी एल गुप्ता, कमलेश सोडानी, सीए बीबी गुप्ता, रामपाल असावा, अलका जोशी, कोशल्या भाटिया, प्रियंका काबरा, नंदकिशोर जोशी, रमेश त्रिवेदी, प्रेमप्रकाश शर्मा, राधेश्याम चेचाणी, जगदीश वैष्णव, दुर्गालाल जोशी, गोविंद भाटिया, संजय प्रताप पारीक, सुरेश जोशी, केशव पुरोहित, अनिल टेलर, श्याम झंवर, अनिल पारीक, गायत्री टेलर, मंजू तंबोली, पुरुषोत्तम काकानी, हेमराज टेलर, मंजू पोखरना, राजेन्द्र गंदोडिया, राकेश दरक, देवीलाल तोषनीवाल, कैलाश राठी, जगदीशचन्द्र हेड़ा, सत्यनारायण मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Tags: