भीलवाड़ा में आस्था और श्रद्धा से शुरू हुआ एक सफर मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसे में बदल गया। खटवाड़ा-जोजवा मार्ग पर तेज रफ्तार दूध के टैंकर की चपेट में आने से गोवठा माता के दर्शन के लिए जा रही 46 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके जेठ गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, चांद कंवर (46) अपने जेठ भंवर सिंह के साथ बाइक से गोवठा माताजी के मंदिर में शीश नवाने के लिए निकली थीं। दोनों खटवाड़ा-जोजवा रोड पर गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आए बेकाबू दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चांद कंवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव में चीख-पुकार का माहौल बन गया। जिस घर से सुबह माता के दर्शन के लिए खुशी-खुशी रवाना हुए थे, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम छा गया।

सूचना मिलते ही बिगोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि पुलिस ने तत्काल दोनों को बिगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल जेठ भंवर सिंह को छुट्टी दे दी गई, जबकि मृतका चांद कंवर का मांडलगढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags: