भीलवाड़ा में 363 किलो डोडा-चूरा तस्करी का फरार चालक और वाहन मालिक गिरफ्तार
| नाकाबंदी तोड़कर पिकअप छोड़ भागे चालक और वाहन उपलब्ध कराने वाले से पुलिस तस्करी नेटवर्क की पूछताछ कर रही है।
भीलवाड़ा। पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर 363 किलो डोडा-चूरा से भरी पिकअप छोड़ खेतों में फरार हुआ तस्कर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। मांडल पुलिस ने जुलाई 2024 के इस मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप उपलब्ध कराने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2024 को तत्कालीन मांडल थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत हाईवे पर पुलिस जाब्ता तैनात किया था। इसी दौरान एक पिकअप चालक पुलिस को देखकर तेजी से वाहन भगाने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर नानकपुरा चौकी पर नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन चालक बैरियर तोड़कर पिकअप सहित वहां से निकल गया।
पुलिस जाब्ते ने पीछा किया तो नानकपुरा चौकी से करीब एक किलोमीटर आगे चालक पिकअप छोड़कर खेतों में भाग गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संजय गुर्जर भी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और फरार चालक की तलाश शुरू की, लेकिन उस समय वह पुलिस के हाथ नहीं लगा।
इसके बाद पुलिस ने लावारिस हालत में मिली पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 363 किलो डोडा-चूरा भरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित पिकअप जब्त कर मामला दर्ज किया और फरार चालक की तलाश शुरू की।
करीब डेढ़ साल से चल रही तलाश के बाद पुलिस ने सांवरीज, फलोदी निवासी महेंद्र पुत्र भजनाराम उदाणी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप उपलब्ध कराने के आरोप में मंगलनगर, गुढ़ा विश्नोईयान, जोधपुर निवासी महेंद्र कुमार पुत्र बाबूलाल सारण को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच में तस्करी के नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जुलाई 2024 में 363 किलो डोडा-चूरा की बरामदगी के बाद से फरार चल रहे चालक और वाहन उपलब्ध कराने वाले की गिरफ्तारी को मामले की जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है।