भीलवाड़ा में सड़क हादसे में युवक की मौत, खेत में महिला पर हमला
| करेड़ा में वाहन न मिलने पर पैदल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, भूणास में महिला जिला अस्पताल में भर्ती
भीलवाड़ा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। करेड़ा थाना क्षेत्र में वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कारोई थाना क्षेत्र के भूणास गांव में खेत पर मौजूद महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
करेड़ा थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि मनोहरपुरा निवासी अरविंद (40) पुत्र भैरूसिंह राजपूत शुक्रवार देर शाम गांव जाने के लिए करेड़ा के गंगापुर चौराहे पहुंचा था। वहां कोई वाहन नहीं मिलने पर वह पैदल ही अपने गांव की ओर रवाना हो गया। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायल अरविंद को करेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना कारोई थाना क्षेत्र के भूणास गांव की है। एमजीएच चौकी के दीवान कमलेश कुमार के अनुसार, भूणास निवासी लक्ष्मी (31) पत्नी मोहन गाडरी शनिवार को अपने खेत पर मौजूद थी। इसी दौरान प्रहलाद नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
अचानक हुए हमले में लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल इस घटना को लेकर कारोई थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ है।
जिले में हुई इन दोनों घटनाओं में एक ओर सड़क हादसे में युवक की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर खेत पर महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।