भीलवाड़ा में महिला पर चाकू से हमला, सोने का मांदलिया लूटकर फरार हुआ बदमाश
भीलवाड़ा के पुर में बुधवार अलसुबह शौच के लिए जा रही 55 वर्षीय महिला पर बाइक सवार बदमाश ने चाकू से हमला किया। घायल महिला के गले से सोने का मांदलिया लूटकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
भीलवाड़ा शहर के उपनगर पुर में बुधवार अलसुबह घर से शौच के लिए जा रही 55 वर्षीय महिला पर बाइक सवार बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। बदमाश ने महिला के चेहरे और हाथ पर वार किए और गले में पहना सोने का मांदलिया काटकर बाइक से फरार हो गया। घटना के बाद पुर कस्बे में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, पुर चुंगीनाका क्षेत्र निवासी श्यामलाल जाट की पत्नी कमला (55) बुधवार अलसुबह घर से शौच के लिए निकली थीं। घर से करीब 100 से 150 कदम की दूरी पर एक बाइक सवार बदमाश ने उन्हें रोक लिया। उसने कमला से किसी 'लादू' के मकान का पता पूछा और उनके करीब जाने लगा।
अचानक हुई इस हरकत से कमला घबरा गईं। उन्होंने बचाव के लिए पास से एक पत्थर उठा लिया। इसके बाद बदमाश ने जेब से चाकू निकालकर कमला पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू के हमले में उनके चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ीं।
इसके बाद बदमाश ने कमला के गले में पहना सोने का मांदलिया, जिसमें दो मोती लगे हुए थे, चाकू से काटकर अलग कर लिया। मांदलिया लूटने के बाद वह बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
कमला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल ले गई। अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार और मेडिकल मुआयना करवाया गया, जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक जे.एल. पंवार कर रहे हैं। उन्होंने पीड़िता से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। पुलिस वारदात स्थल से आने-जाने वाले संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमले और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश की पहचान की जा सके।