भीलवाड़ा: स्वामी रामदयाल जी के 71वें प्रकटोत्सव पर प्रेस सोसायटी ने किया अभिनंदन
रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य स्वामी रामदयाल जी महाराज ने पत्रकारों को दिए आशीर्वाद में सकारात्मक पत्रकारिता और सनातन मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
तस्वीर में भीलवाड़ा प्रेस सोसायटी के सदस्य स्वामी रामदयाल जी को फ्रेम भेंट करते हुए।
भीलवाड़ा प्रेस सोसायटी के पदाधिकारियों ने रामस्नेही संप्रदाय के अंतरराष्ट्रीय जगतगुरु अनंत विभूषित पीठाधीश्वर स्वामी श्री राम दयाल जी के 71वें अवतरण दिवस पर उन्हें बधाई दी और बुधवार को राम द्वारे में तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रेस सोसायटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ जोशी द्वारा लिखी गई कविता का श्रद्धालुओं के समक्ष वाचन किया गया। स्वामी श्री राम दयाल जी ने उपस्थित पत्रकारों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि भीलवाड़ा के पत्रकारगण समाज के सजग प्रहरी हैं और सदैव सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने विश्व शांति और भारत के विकास के लिए अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी एकता, अखंडता और सद्भाव पर निर्भर करती है। इसके लिए सनातन धर्म पर चलने के मार्ग को उन्होंने सबसे श्रेष्ठ बताया।
सर्व धर्म को एक माला में पिरोने के लिए क्या करना चाहिए, पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर स्वामी ने कहा, "माला के मोतियों की फितरत है बिखर जाने की मगर धागे की जिद है उन्हें बांधे रखने की।" उन्होंने कहा कि अगर देश के सभी दल एकाग्रता से आत्मीयता के भाव से एक हो जाएंगे तो इस देश से आतंकवाद, अत्याचार और अन्याय समाप्त होगा।
अभिनंदन कार्यक्रम में प्रेस सोसायटी के अध्यक्ष विश्वनाथ पाराशर, महासचिव शहजाद खान, उपाध्यक्ष बृजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष सत्यदेव पाराशर, रमेश तोषनीवाल सहित कई अनुयाई उपस्थित थे। कार्यक्रम में जगतगुरु श्री राम दयाल जी ने पत्रकारों को सकारात्मक पत्रकारिता, अहिंसा, एकता, अखंडता और सद्भाव का संदेश दिया।