Bhilwara Public Holiday: पंचायतीराज चुनाव पर इन दिनों रहेगा अवकाश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने भीलवाड़ा की 16 पंचायत समितियों में मतदान तिथियों 22, 24, 28 और 30 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।
भीलवाड़ा में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने इस संबंध में आदेश जारी कर जिले की सभी 16 पंचायत समितियों में दो चरणों में होने वाले चुनाव के मतदान दिवसों पर अवकाश की घोषणा की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में पंचायत समिति कोटड़ी, जहाजपुर, खजूरी, माण्डलगढ़, बिजौलिया, माण्डल, करेड़ा, सुवाणा एवं बनेड़ा में मतदान कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को मतदान होगा। वहीं, वार्ड पंच एवं सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को मतदान निर्धारित है। इन दोनों मतदान दिवसों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
द्वितीय चरण में पंचायत समिति रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, फूलियाकलां, आसीन्द, शम्भूगढ़ एवं हुरड़ा में चुनाव होंगे। इन क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को मतदान कराया जाएगा, जबकि वार्ड पंच एवं सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन मतदान तिथियों पर भी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
इस प्रकार भीलवाड़ा जिले की सभी 16 पंचायत समितियों में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए निर्धारित मतदान दिवसों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश लागू रहेगा।