भीलवाड़ा में दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार विभाग की तीन टीमों ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मांडल में 180 किलोग्राम मूंगफली का तेल सीज किया गया, जबकि आसींद में एक फर्म से करीब 250 किलोग्राम अवधिपार और अमानक खाद्य सामग्री बरामद होने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। वहीं, भीलवाड़ा शहर के एक प्रोविजन स्टोर से चार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मांडल के ज्ञानगढ़ स्थित देवनारायण किराणा स्टोर का औचक निरीक्षण किया। यहां ‘सूरज’ ब्रांड के मूंगफली तेल का नमूना लिया गया और 180 किलोग्राम तेल का स्टॉक सीज कर दिया गया। इसके अलावा करेड़ा स्थित शांतिनाथ ऑयल मिल से भी मूंगफली तेल के नमूने लिए गए। इस कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इधर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी जैन और शाहरुख हुसैन की टीम ने आसींद स्थित मैसर्स बालाजी सेल्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान पर बड़ी मात्रा में अवधिपार और अमानक खाद्य सामग्री मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 250 किलोग्राम से अधिक बताई गई विभिन्न खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

नष्ट की गई सामग्री में 60 किलो नमकीन, 10 किलो चायपत्ती, 2 किलो घी, 2 किलो काजू, 10 किलो हींग-जीरा, 8 किलो चना, 10 किलो नमक, 3 किलो मिक्स ड्राई फ्रूट, 2 किलो सिंथेटिक फूड कलर, 10 किलो भुनी मूंगफली, 5 किलो इडली बैटर, 6 किलो आलू चिप्स, 9 किलो बिस्किट, 4 किलो नारियल कुकीज, 25 किलो अचार मसाला, 3 किलो खड़े मसाले, 13 किलो घी तथा 40 किलो अनमोल यम्मी एवं इलायची बिस्किट शामिल रहे।

विभाग की एक अन्य टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, विजय मेहता और संजय वर्मा के नेतृत्व में भीलवाड़ा शहर स्थित मैसर्स महालक्ष्मी प्रोविजन स्टोर का निरीक्षण किया। त्योहारों के दौरान बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए यहां से गजक, रसगुल्ले, बीकाजी नमकीन और मैगी के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने आमजन से दीपावली के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांच लें। कहीं भी मिलावट या खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अनियमितता नजर आने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें।

दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। तेल के स्टॉक को सीज करने, अवधिपार सामग्री नष्ट करवाने और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजने की कार्रवाई के जरिए विभाग त्योहारों के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण कर रहा है।

Tags: