भीलवाड़ा में अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष पर आयोजित शौर्य शक्ति संचलन में भाग लेतीं दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता।

भीलवाड़ा में अशोक जी सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की ओर से शनिवार, 17 अक्टूबर को शौर्य शक्ति संचलन निकाला जाएगा। इस दौरान दुर्गा वाहिनी की बहनें तलवार वाहिनी, दंड वाहिनी और पताका वाहिनी के रूप में कतारबद्ध होकर कदमताल करेंगी। संचलन के मुख्य मार्गों पर व्यापारियों एवं प्रबुद्ध लोगों की ओर से पुष्प वर्षा की जाएगी।

दुर्गा वाहिनी की महानगर सहसंयोजिका भारती आसवानी, अंबिका शर्मा एवं मातृशक्ति की विभाग संयोजिका गायत्री सोनी ने बताया कि जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर भीलवाड़ा महानगर में इस शौर्य शक्ति संचलन का आयोजन किया जा रहा है। संचलन शनिवार, 17 अक्टूबर को शाम 5 बजे नेहरू रोड स्थित मालियों के नोहरे से प्रारंभ होगा।


संचलन मालियों के नोहरे से रवाना होकर मुख्य मार्ग से शहीद चौक, धान मंडी, बड़ा मंदिर, सराफा बाजार, हिंदू महासभा कार्यालय, भीमगंज थाना, सिंगल हॉस्पिटल, बजरंगी चौराहा, गांधी बाजार, महाराणा टॉकीज, माणिक्य नगर चौराहा, पटवा जी की गली, माली खेड़ा, ब्रज कोट के माता जी चौराहा और नेहरू रोड होते हुए पुनः मालियों के नोहरे पहुंचकर संपन्न होगा।

संचलन के दौरान दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की बहनें घोष के साथ कदमताल मिलाते हुए आगे बढ़ेंगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर व्यापारी एवं प्रबुद्धजन पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की राजस्थान की क्षेत्रीय संयोजिका लता जी पडिया मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेंगी।

शौर्य शक्ति संचलन को सफल बनाने के लिए मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में संपर्क किया जा रहा है। संचलन के समापन के बाद सामूहिक संगत व पंगत भोजन का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। अशोक जी सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम भीलवाड़ा महानगर में दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की भागीदारी के साथ संपन्न होगा।

Tags: