भीलवाड़ा: नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर नाले के पिलर से टकराई स्कूल वैन, 9 बच्चे घायल
शाहपुरा में बिना नंबर की स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चालक मौके से फरार, दो गंभीर घायल बच्चों को जिला अस्पताल किया गया रेफर।
भीलवाड़ा। शाहपुरा के एक निजी स्कूल के बच्चों को घर छोड़कर लौट रही बिना नंबर की वैन गुरुवार दोपहर फूलियाकलां थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 148 डी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सरसुंदा चौराहे और कनेछनखुर्द के बीच वैन अनियंत्रित होकर नाले के पिलर से टकरा गई। हादसे में वैन में सवार 9 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया।
सहायक उप निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि शाहपुरा के एक निजी स्कूल में धनोप, पनोतिया और राज्यास सहित आसपास के गांवों के बच्चे पढ़ते हैं। गुरुवार दोपहर बिना नंबर की वैन इन गांवों के 9 बच्चों को शाहपुरा से लेकर जा रही थी। सरसुंदा चौराहे और कनेछनखुर्द के बीच नेशनल हाईवे पर वैन अचानक अनियंत्रित हो गई और नाले के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी बच्चे घायल हो गए।
घायल बच्चों में हिमांशु, यशवर्धन, युवराज, राधिका, आदित्य, कृषिका, मोदित्य, हर्षिता और आराध्या शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद वैन चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटनास्थल के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वैन से बच्चों को बाहर निकाला और उपचार के लिए शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया।
शाहपुरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 7 बच्चों की स्थिति ठीक होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं, अधिक चोटें आने के कारण हर्षिता और आराध्या को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन जब्त कर ली है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बिना नंबर की वैन से बच्चों को ले जाने और हादसे के बाद चालक के फरार होने की घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।