तस्वीर में दिख रही लापता महिला सोनिया देवी बेरवा की तलाश के लिए भीलवाड़ा जिले की फूलियाकलां थाना पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है।

भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में दो बच्चों की मां सोनिया देवी बेरवा के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला को लापता हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस और परिजनों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अब मामले में पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए महिला की तलाश में मदद मांगी है।

सोनिया देवी बेरवा, राम प्रसाद बेरवा की पत्नी हैं। जांच अधिकारी एवं सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल जाट के अनुसार, सोनिया गत 14 सितंबर से लापता हैं। वह खारी ग्राम मिल में मजदूरी करती थीं। 14 सितंबर की सुबह भी वह मिल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। उनके अचानक लापता होने के बाद से परिजन उनकी तलाश में जुटे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनिया देवी का अपने पति के साथ मनमुटाव चल रहा था। इसी वजह से वह कुछ समय से अपने पीहर में रह रही थीं। उनके लापता होने के बाद घर पर उनके दो बच्चे, सात वर्षीय बेटा अमन और तीन वर्षीय बेटी योगिता रह गए हैं।

एएसआई मांगीलाल जाट ने बताया कि पुलिस ने महिला की तलाश में भीलवाड़ा, अजमेर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में छानबीन की। रिश्तेदारों के यहां भी पता लगाया गया, लेकिन अब तक सोनिया देवी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी महिला का पता नहीं चलने पर पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, लापता सोनिया देवी की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष और कद लगभग 5 फीट 2 इंच है। लापता होने के समय उन्होंने बैंगनी रंग की चुनरी और नीली टी-शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने महिला की पहचान और तलाश में इन विवरणों के आधार पर आमजन से मदद मांगी है। महिला के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।

Tags: