भीलवाड़ा। नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार को एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के कन्याखेड़ी चौराहे के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी तीन वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के पति और एक अन्य बच्चे को भी मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, हमीरगढ़ की नई आबादी निवासी इशाक मेवाती पुत्र सिराजुद्दीन मेवाती अपनी गर्भवती पत्नी यास्मीन बानो और बच्चों के साथ बाइक से भीलवाड़ा जा रहे थे। इशाक अपनी पत्नी का चिकित्सकीय चेकअप करवाने के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-48 पर कन्याखेड़ी चौराहे के पास एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार परिवार के सभी सदस्य सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 27 वर्षीय गर्भवती यास्मीन बानो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी तीन वर्षीय बेटी इशाना की हालत गंभीर बताई जा रही है। पति इशाक और एक अन्य बच्चे का भी अस्पताल में उपचार जारी है।

इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि यास्मीन बानो की इसी सप्ताह डिलीवरी होनी थी और परिवार में नए मेहमान के आगमन को लेकर खुशियों की तैयारी चल रही थी। लेकिन कन्याखेड़ी चौराहे के पास हुए इस सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद हमीरगढ़ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags: