भीलवाड़ा में छठ महापर्व का समापन, वाटर वर्क्स घाट को मिला श्रेष्ठ घाट का पुरस्कार
| घाट स्वच्छता और साज-सज्जा को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित प्रतियोगिता में निर्णायक कमेटी ने निरीक्षण के बाद छठ पूजा सेवा समिति वाटर वर्क्स को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया।
भीलवाड़ा में छठ महापर्व के समापन समारोह के दौरान सम्मानित होने वाले अतिथिगण व समिति सदस्य।
भीलवाड़ा में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन और पूर्वांचल जन चेतना समिति की ओर से आयोजित घाट स्वच्छता एवं साज-सज्जा प्रतियोगिता में छठ पूजा सेवा समिति वाटर वर्क्स को श्रेष्ठ घाट का पुरस्कार प्रदान किया गया। समिति को 5100 रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
छठ महापर्व पूर्वांचलवासियों की लोक आस्था का प्रमुख पर्व है। चार दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। पर्व के अवसर पर घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता और विशेष सजावट को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं पूर्वांचल जन चेतना समिति ने प्रतियोगिता आयोजित की थी।
जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल की अध्यक्षता में निर्णायक कमेटी गठित की गई थी। इसमें जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, जिला यूनेस्को एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विशाल विजयवर्गीय, संगठन मंत्री कमलेश जाजू, साधना मेंलाना, पार्षद महेन्द्र सिंह, अशोक विश्नोई, थान सिंह, विक्रम साहनी, रविन्द्र भारती, ऋषिराज सहित लीलाकांत चौधरी को शामिल किया गया था। निर्णायक कमेटी के सदस्यों ने मानसरोवर झील, नेहरू तलाई, न्यू पटेल नगर विस्तार और वाटर वर्क्स सहित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, स्वच्छता और साज-सज्जा के आधार पर वाटर वर्क्स घाट को श्रेष्ठ घोषित किया गया।
छठ महापर्व का समापन समारोह वाटर वर्क्स स्थित घाट पर आयोजित हुआ। समारोह में नगर निगम के उप महापौर राधेश्याम सोमाणी, स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली, पार्षद पिंकी विश्नोई, महेन्द्र सिंह, भाजपा नेता सत्येन्द्र बिडला और अशोक विश्नोई ने छठ पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष दिनेश साहनी और सचिव बबलू सिंह को 5100 रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने कहा कि हिंदू धर्म में छठ महापर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है तथा भक्ति, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उगते सूर्य की पूजा तो संसार का विधान है, लेकिन केवल भारतवासी ही अस्ताचल सूर्य की भी आराधना करते हैं और वह भी उगते सूर्य की पूजा से पहले। यदि उदय का अस्त होना भौगोलिक नियम है, तो अस्त का उदय होना प्राकृतिक और आध्यात्मिक सत्य है। छठ पर्व प्रकृति के अंतिम स्वरूप और ऊर्जा के अक्षुण्ण स्रोत भगवान भास्कर की आराधना का पर्व है।
यूनेस्को की प्रवक्ता मधु लोढ़ा ने बताया कि निर्णायक कमेटी के सदस्यों ने सभी घाटों का निरीक्षण किया था। मूल्यांकन के दौरान विशेष रूप से साफ-सफाई, स्वच्छता और साज-सज्जा को ध्यान में रखा गया। पुरस्कार वितरण के दौरान छठ पूजा सेवा समिति के सदस्य राजेश गुप्ता, दिनेश यादव, विनोद साहनी, राजन सिंह और शैलेन्द्र यादव सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से छठ महापर्व के दौरान घाटों की स्वच्छता और व्यवस्थित साज-सज्जा को प्रोत्साहित किया गया।