भीलवाड़ा: सिटी व मिनी बसों की जांच में लापरवाही, सुरक्षा उपकरण नदारद
| मुख्य बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण के दौरान किसी भी बस में अग्निशमन यंत्र व सेफ्टी बॉक्स नहीं मिला; नियमों का उल्लंघन करने वालों पर संयुक्त टीम सख्त कार्रवाई करेगी।
भीलवाड़ा बस स्टैंड पर प्रशासन व परिवहन विभाग ने बसों में सुरक्षा उपकरणों का औचक निरीक्षण किया।
भीलवाड़ा में सिटी बसों और मिनी बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की शुरुआती जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मुख्य बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण के दौरान करीब 5 से 7 बसों की जांच की गई, लेकिन इनमें से किसी भी बस में अग्निशमन यंत्र और सेफ्टी बॉक्स नहीं मिला। इस स्थिति ने बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के बाद परिवहन विभाग और जिला प्रशासन ने बसों में सुरक्षा इंतजामों की जांच के लिए अभियान शुरू किया है। इसी के तहत भीलवाड़ा के मुख्य बस स्टैंड पर प्रशासनिक टीम ने अचानक निरीक्षण कर बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की। शुरुआती जांच में ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ गई।
जांच के दौरान किसी भी बस में अग्निशमन यंत्र और सेफ्टी बॉक्स उपलब्ध नहीं मिला। ऐसे में चलती बस में आग लगने जैसी आपात स्थिति पैदा होने पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्लीपर और लग्जरी बसों में आगजनी की घटनाओं के बाद प्रशासन ने अब सिटी बसों और मिनी बसों को भी सुरक्षा जांच के दायरे में शामिल किया है। अभियान के तहत फायर एक्सटिंग्विशर, सेफ्टी बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट, पीयूसी और फिटनेस प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने बस संचालकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपनी बसों में तत्काल सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाएं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अब केवल समझाइश देकर जिम्मेदारी पूरी नहीं की जाएगी।
कल से संयुक्त टीम करेगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में सुरक्षा संबंधी कमियां दूर नहीं करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कल से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला परिवहन अधिकारी (DTO), ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। नियमों के उल्लंघन पर चालान काटने से लेकर वाहन जब्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
इस अभियान के बाद बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। यात्रियों का सवाल है कि जब बसों में सुरक्षा उपकरण अनिवार्य हैं तो इनके बिना वाहन सड़कों पर कैसे संचालित हो रहे हैं। क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर समय रहते कार्रवाई नहीं होनी चाहिए?
फिलहाल प्रशासन के निरीक्षण और आगामी सख्त कार्रवाई की चेतावनी से बस संचालकों में हलचल है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कल से शुरू होने वाली संयुक्त कार्रवाई में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कितनी सख्ती बरती जाती है।