भीलवाड़ा: विधायक अशोक कोठारी ने विकास कार्यों की समीक्षा की, दिए निर्देश

विधायक ने महात्मा गांधी चिकित्सालय के आईपीडी वार्ड और डीएमएफटी फंड से बनने वाली सड़कों व स्कूलों के निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

Update: 2026-06-02 13:55 GMT

भीलवाड़ा में विकास कार्यों की समीक्षा करते विधायक अशोक कुमार कोठारी और बैठक में उपस्थित अधिकारी।

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपने कार्यालय में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर शहर में जारी विभिन्न विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में विधायक कोठारी ने राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम (आरएसआरडीसी) द्वारा महात्मा गांधी चिकित्सालय में 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईपीडी वार्ड के कार्यों का विस्तृत ब्योरा लिया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए इसे आगामी दो माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके अतिरिक्त, डीएमएफटी फंड के अंतर्गत लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालयों में बनाए जा रहे नवीन कक्षा-कक्षों और अन्य निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए डीएमएफटी फंड से प्रस्तावित 12.50 करोड़ रुपये और बजट घोषणा के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के प्रस्तावों की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधाएं न केवल नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाती हैं, बल्कि शहर के समग्र विकास की आधारशिला भी हैं। उन्होंने शहर में बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिकाधिक सीसी (सीमेंटेड) सड़कें बनाने की आवश्यकता जताई, ताकि निर्माण कार्य अधिक टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण हो सकें। बैठक में मुरली टावर के पीछे स्थित डी-ब्लॉक, दूदूवाला कंपाउंड तथा टेक्सटाइल मार्केट क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों के निर्माण कार्यों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।

विधायक कोठारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को पूर्ण कर आमजन को समर्पित किया जाए ताकि इसका लाभ शहरवासियों को समय पर मिल सके। इस बैठक में अधिशासी अभियंता संदीप झंवर, सहायक अभियंता साहिल शर्मा व सुखी माली, आरएसआरडीसी के अधिकारी, विधायक कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एडवोकेट अर्पित कोठारी, भगवान सिंह चौहान, संजय राठी व गजेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar News