हिन्दुस्तान जिंक के 'शिक्षा संबल' ग्रीष्मकालीन शिविर में 1600 से अधिक छात्र

राजस्थान के छह जिलों में आयोजित इस नौवें शिविर में छात्र गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे विषयों के साथ कौशल विकास का प्रशिक्षण ले रहे हैं।

Update: 2026-06-02 07:53 GMT

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आगूचा में नौवें ग्रीष्मकालीन शिविर का उद्घाटन करते हुए आईबीयू सीईओ आगूचा राममुरारी और अन्य गणमान्य अतिथि।

हिन्दुस्तान जिंक द्वारा संचालित 'शिक्षा संबल' कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर इस वर्ष 1600 से अधिक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों में अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे जटिल विषयों में पारंगत होने के साथ ही बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है। शिविर में बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि उन्हें अपने गुरुजनों से न केवल शिक्षा, बल्कि अभिभावकों जैसा मार्गदर्शन भी मिल रहा है, जो उनके भविष्य की नींव को और अधिक सुदृढ़ बना रहा है।

हिन्दुस्तान जिंक द्वारा आयोजित ये ग्रीष्मकालीन शिविर राजस्थान के छह जिलों—उदयपुर, सलुम्बर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा एवं अजमेर के राजकीय विद्यालयों में चलाए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विषयगत ज्ञान के साथ-साथ शारीरिक, बौद्धिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। छात्रों की सक्रिय भागीदारी और समग्र शिक्षा को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों के तहत इस वर्ष नौवें ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आगूचा में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में आईबीयू सीईओ आगूचा राममुरारी, एसीबीईओ शिवकुमार टेलर, आगूचा माइन के हेड सीएसआर भुवनेश शर्मा सहित अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


इस शिविर के अंतर्गत 10 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 200 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जहाँ शैक्षणिक विषयों के साथ कौशल विकास और व्यक्तित्व निखार पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, विद्या भवन सोसायटी उदयपुर के सहयोग से विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौवें आवासीय ग्रीष्मकालीन शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। 20 मई 2026 से 19 जून 2026 तक चलने वाले इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के 340 से अधिक विद्यार्थी मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, चंदेरिया, दरीबा, देबारी, कायड़, आगूचा और जावर स्थित गैर-आवासीय केंद्रों पर 1200 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। उदयपुर में आयोजित तीन आवासीय शिविरों में कक्षा 10 के लगभग 240, कक्षा 8 के 50 और कक्षा 12 (विज्ञान संकाय) के 50 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस वर्ष आवासीय शिविर में डिजिटल कक्षाएं, ऑडियो-विजुअल सामग्री, हैंड्स-ऑन गतिविधियां, मिट्टी कला, पॉटरी, वेस्ट सामग्री से सृजनात्मक निर्माण और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों को भी शामिल किया गया है।

दशकों पूर्व प्रायोगिक तौर पर शुरू किए गए इस कार्यक्रम की सफलता का अंदाजा विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या से लगाया जा सकता है। शिक्षा संबल कार्यक्रम के माध्यम से पिछले 20 वर्षों से उन बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है, जो अध्यापन में अभाव महसूस करते हैं। हिन्दुस्तान जिंक सरकारी विद्यालयों में रिक्त पदों के विरुद्ध विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी के विशेषज्ञ अध्यापकों के माध्यम से कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। ये आवासीय शिविर ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें रोचक तरीकों से शिक्षा के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक अद्वितीय एवं अमूल्य पहल साबित हो रहे हैं।

Similar News