भीलवाड़ा में रेप से परेशान 16 वर्षीय किशोरी ने पत्थर बांध कुएं में लगाई छलांग, मौत

भीलवाड़ा में 16 वर्षीय किशोरी ने रेप और धमकियों से परेशान होकर पत्थर बांध कुएं में छलांग लगाई, पुलिस ने मामला दर्ज किया।

Update: 2026-07-27 09:05 GMT

भीलवाड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने कथित दुष्कर्म, लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी के डर से परेशान होकर अपनी जान दे दी। किशोरी ने अपने शरीर से पत्थर बांधकर कुएं में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को किशोरी ने अपने ही रिश्तेदार के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि कुएं में छलांग लगाने से पहले उसने अपने शरीर पर भारी पत्थर बांध लिया था, ताकि वह पानी में डूब जाए और बच न सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर बागोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

किशोरी के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए उसकी मां और भाई दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी कर रहे थे। किशोरी घर पर अकेली या स्थानीय सहारे पर थी। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसकी जिंदगी मुश्किल बना दी।

मां के लौटने के बाद रविवार को मेडिकल बोर्ड से किशोरी का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दौरान पीड़िता की मां ने पुलिस के सामने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस के अनुसार, किशोरी के साथ आरोपित दुष्कर्म कर रहा था और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही थीं।

लगातार मिल रही धमकियों और समाज में बदनामी के डर से मानसिक रूप से परेशान किशोरी ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बागोर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Tags:    

Similar News