भीलवाड़ा में महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि पर फूले सेवा संस्थान के सदस्य श्रद्धांजलि देते हुए। 

भीलवाड़ा में महान समाज सुधारक एवं सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर फूले सेवा संस्थान की ओर से पुष्पांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने महात्मा फूले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और समाज सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए फूले सेवा संस्थान के अध्यक्ष गोपाल लाल माली ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने शोषितों और वंचितों के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। विशेष रूप से पिछड़े एवं दलित समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

माली ने कहा कि महात्मा फूले द्वारा किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव समाज सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि सभी उनके विचारों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें।

इससे पूर्व महात्मा फूले के अनुयायियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में समाज सुधार, शिक्षा, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महात्मा फूले के योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल, सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा, राज. प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश मंत्री हरनारायण माली, जिला अध्यक्ष भैरूलाल माली, सैनी कर्मचारी संस्था के अध्यक्ष तोताराम माली, सचिव कन्हैयालाल बुलिवाल, माली समाज ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बंशीलाल माली, नानूराम गोयल, जिला महामंत्री सत्यनारायण गुलगांवा, जिला मंत्री मूरलीधर सैनी, भैरूलाल माली, चौथमल रागस्या, लालाराम गोयल, कालूराम माली, रामचन्द्र मून्दड़ा, श्रीमती उषा अग्रवाल, चेतन मानसिंहका, शंभु बुलिवाल, जेकी कच्छावा, छगन महावर, नंदलाल गढ़वाल, सूरज माली और जगदीश गोयल सहित संस्था के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनके अलावा समाज के गणमान्य लोगों और महात्मा फूले के अनुयायियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

महात्मा ज्योतिबा फूले की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से उनके सामाजिक सुधार, समानता और शिक्षा के संदेश को याद करते हुए उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प दोहराया गया।

Tags: