भीलवाड़ा में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की तैयारियां
| श्री अखंड पाठ साहिब के साथ कीर्तन दीवान, सामूहिक अरदास और लंगर होगा; सर्वसमाज की भागीदारी व घरों में रोशनी करने की अपील की गई है।
भीलवाड़ा में सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व (जन्मोत्सव) 24 नवंबर मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों, कीर्तन दीवान, सामूहिक अरदास और गुरु के लंगर का आयोजन होगा। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा परिसर में तैयारियां शुरू हो गई हैं और संगत सेवा कार्यों में जुटी हुई है।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में आज श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ हुआ। गुरुपर्व की तैयारियों के तहत संगत ने सेवा कार्यों में भाग लिया, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के लिए खुले पांडाल सजाए गए हैं। गुरुद्वारा साहिब के भवन और परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। वहीं, खालसा सेवा संस्थान के सदस्यों ने गुरु गोबिंद सिंह चौराहे पर साफ-सफाई कर लाइटिंग की व्यवस्था की।
इसी क्रम में शाम 4 बजे बच्चों के लिए गुरमत प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ''नानक नाम चढ़दी कलां, तेरे भाणें सरबत दा भला'' रखा गया।
गुरुद्वारा अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली से भाई बलहार सिंह जी एवं उनके साथी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
प्रकाश पर्व के दिन प्रातः 5.30 बजे कीर्तन दीवान की शुरुआत होगी। इसके साथ ही गुरु के लंगर की तैयारी के लिए सेवा भी आरंभ हो जाएगी। दरबार साहिब में कीर्तन दीवान सजेगा, वहीं लंगर हॉल में श्रद्धालु सेवा कार्यों में जुटे रहेंगे। प्रातः 8.30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति होगी। इसके बाद सामूहिक अरदास की जाएगी और अल्पाहार की सेवा होगी।
प्रातः 10 बजे दूसरे कीर्तन दीवान का आरंभ होगा। इसमें ज्ञानी करनैल सिंह, सुखबीर सिंह और बाहर से आए रागी जत्थे कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। दोपहर 1.30 बजे सामूहिक अरदास के बाद गुरु का लंगर अटूट वितरित किया जाएगा।
इसके अलावा रात 7.30 बजे से 9.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्मावलंबियों से धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। साथ ही सभी से अपने घरों में रोशनी कर प्रकाश पर्व की खुशी प्रकट करने का निवेदन किया है। गुरु नानक देव जी महाराज और उनके उपदेशों के प्रति सभी समाजों के लोगों की श्रद्धा को देखते हुए इस आयोजन में सर्वसमाज की भागीदारी का आह्वान किया गया है।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। इस अवसर पर सर्वसमाज के लोगों के लिए गुरु के लंगर की सेवा भी की जाएगी। धार्मिक आयोजनों और सामूहिक सेवा के साथ भीलवाड़ा में गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व मनाया जाएगा।