गोपाल लाल माली ने कुंभा सर्किल शिविर में बच्ची को खुराक पिलाई, जवाहर फाउंडेशन और सीएमएचओ मौजूद।  

भीलवाड़ा में पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को कुंभा सर्किल पर विशेष बूथ कैंप आयोजित किया गया। जवाहर फाउंडेशन ने सीएमएचओ कार्यालय के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 297 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल लाल माली ने कहा कि पोलियो की दो बूंदें न केवल किसी बच्चे को जीवनभर के लिए सुरक्षित करती हैं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण की नींव भी रखती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

माली ने कहा कि पोलियो जैसी बीमारी किसी बच्चे को आजीवन पराश्रित बना सकती है। इसलिए इसका पूर्णतः उन्मूलन प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के सैकड़ों बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाई गईं। अभियान के तहत कुल 297 बच्चों को खुराक देकर पल्स पोलियो मिशन में सहभागी बनाया गया।

आयोजन में जवाहर फाउंडेशन की टीम की ओर से वैभव जोशी, चिराग टेलर, सुनील झा, प्रभु झा एवं अनुराधा झा ने सेवाएं दीं। वहीं, सीएमएचओ कार्यालय की टीम के प्रियांशु सेन एवं अदनान रंगरेज ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद नीरज छीपा, अनिल एवं निसार सिलावट भी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से पल्स पोलियो अभियान में सामुदायिक सहभागिता और पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने के महत्व को रेखांकित किया गया।

Tags: