भीलवाड़ा में नेशनल हाईवे-48 पर गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। डीएसटी और मंगरोप थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अर्टिगा कार में छिपाकर ले जाई जा रही 104 किलो 271 ग्राम गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से कार में सवार तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया। गांजे के 20 पैकेट कार की डिग्गी और पीछे की तीसरी सीट में छिपाकर रखे गए थे।

मंगरोप थाना अधिकारी सुरेंद्र सिंह को डीएसटी भीलवाड़ा के कांस्टेबल राकेश से एनएच-48 स्थित गुवारड़ी नाले के पास एक संदिग्ध अर्टिगा कार के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित गुवारड़ी नाले के पास सर्विस रोड पर पहुंची। वहां डीएसटी टीम ने कार में सवार तीन व्यक्तियों को पहले ही डिटेन कर रखा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार और उसमें बैठे व्यक्तियों की तलाशी की प्रक्रिया शुरू की।

तलाशी के दौरान कार की डिग्गी और पीछे की तीसरी सीट में छिपाकर रखे गए पॉलिथीन की थैलियों में पैक 20 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों पर टेप लगा हुआ था। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजे के फूल, कलियां, पत्तियां और डंठल मिले। सभी पैकेटों का वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 104 किलो 271 ग्राम निकली।

पुलिस ने कार में सवार तीनों आरोपितों की पहचान धर्मेन्द्र सिंह पुत्र श्याम सिंह दरोगा (26), निवासी वार्ड नंबर 3, जोरावरपुरा, थाना बागोर, नोरत सिंह उर्फ पृथ्वीराज सिंह उर्फ रतन सिंह पुत्र नारायण सिंह चुंडावत (34), निवासी भादू, जिला भीलवाड़ा तथा मोहन गाडरी पुत्र उदयराम गाडरी (43), निवासी वार्ड नंबर 3, जोरावरपुरा, थाना बागोर, भीलवाड़ा के रूप में की।

पुलिस ने आरोपितों से गांजे के परिवहन के संबंध में लाइसेंस और परमिट मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजे के सभी 20 पैकेट जब्त कर तीनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान गांजे की खेप के साथ तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी जब्त की गई है। मंगरोप थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के इस मामले की अग्रिम जांच सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सहाय को सौंपी गई है। सदर पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से गांजे की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और संभावित खरीदारों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच का केंद्र अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और गांजे की आपूर्ति से संबंधित कड़ियों का पता लगाना है।

Tags: