भीलवाड़ा में जरूरतमंद छोटे बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए 1001 ऊनी जर्सियों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भारत की भीलवाड़ा जिला शाखा की ओर से स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के सौजन्य से यह सेवा कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को स्थानीय गीता भवन सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भीलवाड़ा जिला घुमंतू कार्य संयोजक जगदीश लढा को जरूरतमंद बच्चों में वितरण के लिए ऊनी जर्सियां भेंट की गईं।

क्लब के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अशोक सोडाणी ने जगदीश लढा को ये जर्सियां सौंपीं। जगदीश लढा घुमंतू जाति के लोगों के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा शहर में घुमंतू जाति की 43 छोटी-छोटी बस्तियां हैं। इसके अलावा घुमंतू छात्रावास भी संचालित है। इन बस्तियों और छात्रावास में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों को ऊनी जर्सियां वितरित की जाएंगी।

इस अवसर पर जगदीश लढा ने स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के निदेशक अनिल सोडाणी और एडवोकेट मोहित सोडाणी का सेवा कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भारत की भीलवाड़ा जिला शाखा और स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान के इस संयुक्त प्रयास के तहत 1001 ऊनी जर्सियां जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाई जा रही हैं। इसके माध्यम से शहर की 43 घुमंतू बस्तियों और घुमंतू छात्रावास के जरूरतमंद बच्चों को सर्दी के मौसम में गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जाएंगे।

Tags: