भीलवाड़ा जिला परिषद के प्रमुख और उप प्रमुख पदों पर निर्वाचन की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। दोनों पदों के लिए 25 और 26 नवंबर को चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के प्रथम तल स्थित सभागार में आयोजित की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद प्रमुख पद के लिए बुधवार, 25 नवंबर 2026 को निर्वाचन होगा, जबकि उप प्रमुख पद के लिए गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। दोनों दिन निर्वाचन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम समय-सीमा सुबह 11 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी। उम्मीदवारों को नाम निर्देशन-पत्र वापस लेने के लिए दोपहर 1 बजे तक का समय दिया जाएगा। यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान करवाया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने जिला परिषद के सभी संबंधित निर्वाचित सदस्यों से निर्धारित तिथि और समय पर बैठक में उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। दोनों पदों के निर्वाचन के लिए जारी कार्यक्रम के तहत अब 25 और 26 नवंबर को जिला परिषद के प्रमुख एवं उप प्रमुख के चयन की प्रक्रिया संपन्न होगी।

Tags: