डेयरी परिसर में पुलिस व कर्मी आपात अभ्यास के दौरान खड़े दिख रहे हैं।

भीलवाड़ा में एयर स्ट्राइक जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सोमवार को अजमेर रोड स्थित सरस डेयरी परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान सायरन बजते ही बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया गया और जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा दल तथा मेडिकल टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

जिले में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने और विभिन्न विभागों की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा विभाग जयपुर तथा जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार यह अभ्यास कराया गया। मॉक ड्रिल में एयर स्ट्राइक के कारण आग लगने जैसी स्थिति को आधार बनाकर संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया।

अभ्यास के दौरान एयर स्ट्राइक जैसी आपात स्थिति उत्पन्न होने की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी, एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तथा मेडिकल टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। सभी संबंधित विभागों ने अपनी जिम्मेदारियां संभालते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

डेयरी परिसर में आपातकालीन सायरन बजते ही ब्लैकआउट प्रोटोकॉल के तहत एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा दल और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। सभी टीमों ने कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्यों के साथ आग बुझाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल के तहत एयर स्ट्राइक से उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावित व्यक्तियों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और आपात स्थिति को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने की कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई की गई। एसडीआरएफ की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया और प्रभावितों तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

वहीं, घटनास्थल पर पहुंची मेडिकल टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके साथ ही घायलों की स्थिति के अनुसार उन्हें बेहतर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा और बचाव कार्यों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की भी जांच की गई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन डॉ. सुश्री हरितिमा ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य एयर स्ट्राइक जैसी आकस्मिक एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता तथा आपसी समन्वय का आकलन करना था।

एडीएम सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया और उपखंड अधिकारी श्री प्रमोद सिरवी ने कहा कि इस अभ्यास के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि वास्तविक आपातकालीन परिस्थिति उत्पन्न होने पर बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। साथ ही प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

मॉक ड्रिल के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश आर्य, उपखंड अधिकारी श्री प्रमोद सिरवी सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, मेडिकल टीम, बचाव दल, एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा दल के सदस्य सहित अन्य मौजूद रहे। इस संयुक्त अभ्यास के जरिए भीलवाड़ा में एयर स्ट्राइक जैसी आपात स्थिति के दौरान विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया, बचाव प्रक्रिया और आपसी समन्वय की तैयारियों को परखा गया।

Tags: