भीलवाड़ा में 78 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, शव को सीमेंट पिलर से बांधकर कुएं में फेंका

भीलवाड़ा में 78 वर्षीय साहूकार शोभालाल महाजन की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया, पुलिस जांच में जुटी और आरोपियों की तलाश जारी है।

Update: 2026-07-27 09:07 GMT

तस्वीर में भीलवाड़ा के बावलस गांव के रहने वाले 78 वर्षीय बुजुर्ग शोभालाल महाजन दिखाई दे रहे हैं।

भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना क्षेत्र में 78 वर्षीय बुजुर्ग साहूकार शोभालाल महाजन की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बावलास गांव निवासी शोभालाल की हत्या के बाद हत्यारों ने शव को सीमेंट के भारी-भरकम पिलर से बांधकर कुएं में फेंक दिया। वारदात के सात दिन बाद कुएं से बदबू आने पर मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शोभालाल महाजन गांव में अकेले रहते थे। उनका बेटा मुंबई में बिजनेस करता है। इसी अकेलेपन का फायदा उठाकर कातिलों ने इस वारदात को अंजाम दिया। 19 जुलाई को अचानक शोभालाल का फोन बंद आने लगा था। इसके बाद मुंबई से गांव पहुंचे उनके बेटे ने तलाश शुरू की और 22 जुलाई को बागोर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि हत्यारों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए पूरी साजिश रची थी। उन्होंने शव को रस्सी से सीमेंट के पिलर से बांध दिया, ताकि वह पानी के ऊपर नहीं आ सके और हत्या के सबूत छिपे रहें। इसके बाद शव को गांव से 7 किलोमीटर दूर मदनपुरा की सीमा में मोहनलाल जाट के सुनसान कुएं में फेंक दिया गया।

कुएं से शव निकालने के लिए पुलिस प्रशासन और SDRF की टीम को करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मेडिकल बोर्ड की टीम से पोस्टमार्टम करवाने के बाद बागोर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार, शोभालाल महाजन ब्याज पर पैसे देने यानी साहूकारी का काम करते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी देनदार या रंजिश रखने वाले व्यक्ति ने इस हत्या को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस अब हत्यारों तक पहुंचने के लिए संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। 78 वर्षीय बुजुर्ग की इस निर्मम हत्या ने क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags:    

Similar News