भीलवाड़ा में ऑनलाइन गेमिंग के लिए 8 करोड़ के गबन के आरोपी अकाउंटेंट को ले जाती पुलिस।

भीलवाड़ा में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत के चलते एक कपड़ा व्यापारी की फर्म में करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। फर्म के भरोसेमंद अकाउंटेंट तरुणकुमार काला ने कंपनी और व्यापारी के परिवार के सदस्यों के बैंक खातों से कुल 8 करोड़ 1 लाख रुपये निकालकर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में खर्च कर दिए। सुभाषनगर थाना पुलिस ने आरोपी को अलवर जिले के तिजारा से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाशकुमार विश्नौई ने बताया कि फर्म के डायरेक्टर ने 15 सितंबर 2026 को गबन की शिकायत दर्ज कराई थी। राजपूत कॉलोनी निवासी तरुणकुमार (34) पुत्र रमेशचंद्र काला को कंपनी के वित्तीय लेन-देन और बैंक खातों से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इसी दौरान उसने कंपनी के खातों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर करनी शुरू कर दी।

कंपनी के बैंक खातों की आंतरिक जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि खातों में केवल 38,000 रुपये शेष बचे थे। शुरुआती पड़ताल में आरोपी की ओर से 4 करोड़ 57 लाख रुपये सीधे अपने बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली। मामला दर्ज होने के बाद तरुणकुमार काला शहर छोड़कर फरार हो गया था।

इसके बाद सुभाषनगर थाना पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने 13 नवंबर को अलवर जिले के तिजारा इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच में सामने आया कि आरोपी ने केवल कंपनी के बैंक खातों में ही सेंध नहीं लगाई, बल्कि कपड़ा व्यापारी के परिवार के सदस्यों के बैंक खातों से भी रकम निकाली थी। इस तरह कुल गबन की राशि 8 करोड़ 1 लाख रुपये तक पहुंच गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, कंप्यूटर और बैंक खातों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि तरुण ऑनलाइन बैटिंग और गेमिंग एप के जरिए सट्टेबाजी में पूरी तरह उलझ चुका था। साइबर और फोरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, उसने कंपनी की रकम के अलावा अपनी 25 से 30 लाख रुपये की बचत भी ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी।

पुलिस ने बुधवार को आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए। इस मामले में कंपनी और व्यापारी के परिवार के बैंक खातों से कुल 8 करोड़ 1 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ है।

Tags: