भीलवाड़ा जिले की 10 नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही अलग-अलग निकायों में तस्वीर साफ हो गई है। आसींद, बनेड़ा, बीगोद, बिजोलिया, गंगापुर, गुलाबपुरा, हमीरगढ़, जहाजपुर, मांडलगढ़ और शाहपुरा नगर पालिकाओं में हुए चुनाव में विभिन्न प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। इनमें बनेड़ा और हमीरगढ़ में प्रत्याशियों के बराबर मत आने के बाद लॉटरी के जरिए उपाध्यक्ष का फैसला किया गया।

आसींद नगर पालिका में भाजपा के चंदर सिंह चौधरी ने 16 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के दिनेश कुमार को 8 मत मिले। इस तरह चौधरी ने 8 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

बनेड़ा नगर पालिका में भाजपा के कैलाश चंद्र माली और कांग्रेस के प्रभु लाल माली को 10-10 मत मिले। मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद लॉटरी कराई गई, जिसमें कैलाश चंद्र माली विजयी घोषित हुए। परिणाम-पत्र में भी उन्हें लॉटरी से विजेता दर्शाया गया है।

बीगोद नगर पालिका में अमृता सिंधी ने 16 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लाकिर हुसैन लुहार को 6 मत मिले। अमिता सिंधी ने 10 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

बिजोलिया नगर पालिका में सौभाग्य सिंह ने 14 मत हासिल कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी आशा जैन को 11 मत मिले। सौभाग्य सिंह 3 मतों के अंतर से विजयी रहे।

गंगापुर नगर पालिका में कांग्रेस की रश्मि चौहान ने 16 मत प्राप्त किए, जबकि भाजपा के रतन लाल जाट को 9 मत मिले। रश्मि चौहान ने 7 मतों से जीत दर्ज की।

गुलाबपुरा नगर पालिका में कांग्रेस के रामदेव को 19 मत मिले। भाजपा की शिवानी भाटी को 15 मत प्राप्त हुए। रामदेव ने 4 मतों से उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।

हमीरगढ़ नगर पालिका में भाजपा के जगदीश वैष्णव और निर्दलीय शंकर लाल गुर्जर को 10-10 मत मिले। बराबरी होने के बाद लॉटरी कराई गई, जिसमें जगदीश वैष्णव विजयी घोषित हुए।

जहाजपुर नगर पालिका में प्रिया मीणा ने 22 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 3 मत मिले। प्रिया मीणा ने 19 मतों के बड़े अंतर से उपाध्यक्ष पद जीता।

मांडलगढ़ नगर पालिका में अनिता सुराणा को 12 मत मिले, जबकि जरीना फातिमा को 2 मत प्राप्त हुए। अनिता सुराणा ने 10 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

शाहपुरा नगर पालिका में निर्दलीय मोहम्मद इशाक ने 21 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजुल लाल को 14 मत मिले। इशाक ने 7 मतों से जीत हासिल की।

इस तरह भीलवाड़ा जिले की सभी 10 नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के परिणाम सामने आ गए। आसींद, बीगोद, बिजोलिया, गंगापुर, गुलाबपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और शाहपुरा में मतों के अंतर से परिणाम तय हुआ, जबकि बनेड़ा और हमीरगढ़ में बराबर मत आने के कारण लॉटरी के जरिए विजेता का फैसला किया गया।

Tags: