तस्वीर में पोटलां में आईसीआईसीआई बैंक के पास रात के समय शोभायात्रा में नाचते श्रद्धालु दिख रहे हैं।

गंगापुर, भीलवाड़ा। पोटलां कस्बे में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज का निर्वाण दिवस तेजा दशमी का पर्व हर्षोल्लास, भक्तिभाव और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा गांव तेजाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा और दिनभर मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा।

आयोजन कमेटी की ओर से तेजा दशमी के विशेष अवसर पर 421 लीटर दूध की विशाल खीर तैयार की गई। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के लिए फल-फ्रूट और खीर का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

सायंकाल 5 बजे कपासन रोड स्थित तेजाजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु झूमते हुए नजर आए। शोभायात्रा कपासन रोड से रवाना होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरी।

शोभायात्रा कपासन रोड स्थित तेजाजी मंदिर से सहकारी डेरी, पुराना अस्पताल, दूरभाष केन्द्र, रावला चौक, बाजार, मंशापूर्ण बालाजी मंदिर, राजस्थान ग्रामीण बैंक, बस स्टैंड, आईसीआईसीआई बैंक, सत्यनारायण भगवान मंदिर, खटिक मोहल्ला, जीनगर चौक, सदर बाजार और रावला चौक होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

शोभायात्रा के पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचने पर महाआरती उतारी गई। इसके बाद आयोजन समिति की ओर से व्यवस्थित रूप से पंगत की व्यवस्था की गई, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ पंक्तिबद्ध बैठकर खीर का महाप्रसाद ग्रहण किया।

तेजा दशमी के अवसर पर दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय आयोजन कमेटी और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान हजारों भक्तों ने प्रसाद और दर्शन का लाभ लिया तथा सभी जीवों के लिए मंगलकामनाएं कीं।

Tags: