लोहागढ़ स्टेडियम में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के दौरान मुकाबला खेलते खिलाड़ी।  

लोहागढ़ स्टेडियम में 71वीं राजस्थान राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जिलों से आए लगभग 220 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला टेबल टेनिस संघ की ओर से राजस्थान टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 13 इवेंट होंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मृदुल सिंह, आईएएस ने किया। समारोह की अध्यक्षता समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल, के.टी.आर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड स्पोर्ट्स के निदेशक आयुष महाजन, प्रतियोगिता प्रबंधक अनिल दुबे और जिला टेबल टेनिस संघ के संरक्षक दीपराज सिंह मौजूद रहे। जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सारस्वत ने स्वागत भाषण दिया।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-17 और अंडर-19 मुकाबलों के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग के मैच आयोजित किए जाएंगे। इस तरह कुल 13 इवेंट में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन के दौरान स्वागत समिति के अध्यक्ष राजेश चौधरी, संसाधन जुटाओ समिति के अध्यक्ष रवि चौधरी, मीडिया प्रभारी राजेंद्र कुंतल तथा आयोजन समिति के सदस्य विजय जैन, नवनीत, तरुण तिवारी, राजेंद्र गोयल, अभिषेक बंसल और जितेंद्र ने अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि मृदुल सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त साधन है। उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। वहीं, समारोह अध्यक्ष सीताराम गुप्ता ने खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता छोड़कर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला टेबल टेनिस संघ के संरक्षक दीपराज सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की टीम प्रतियोगिता तथा अंडर-17 बालक वर्ग की व्यक्तिगत प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हुए। पांच दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

Tags: