राजस्थान के डीग जिले के ग्राम सामई की बेटी स्वाति प्रजापति ने महज 16 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर प्रजापति समाज और जिले का नाम रोशन किया है। सॉफ्टबॉल ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चयन किए जाने से परिवार और समूचे प्रजापति समाज में खुशी का माहौल है।

स्वाति प्रजापति ने अपने ताऊ ओमप्रकाश प्रजापति, प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की है। वह वर्तमान में भरतपुर के सोनी पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।

प्रजापति समाज के जिला प्रवक्ता उमेश प्रजापति ने बताया कि स्वाति प्रजापति का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना समाज और डीग जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने के बाद स्वाति पहली बार पंजाब के भटिंडा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में शामिल होंगी।

महज 16 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची स्वाति की इस उपलब्धि से प्रजापति समाज में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता ने ग्राम सामई, डीग जिले और प्रजापति समाज को राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व का अवसर दिलाया है।

Tags: