भुसावर में 26 नवंबर को लगेगा 23वां निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर, जयपुर में होंगे ऑपरेशन
| भुसावर में 26 नवंबर को भारत विकास परिषद की ओर से 23वां निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगेगा। शंकरा आई हॉस्पिटल के चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे और मोतियाबिंद रोगियों के जयपुर में ऑपरेशन होंगे।
भुसावर में जरूरतमंद नेत्र रोगियों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की स्थानीय शाखा की ओर से 26 नवंबर को 23वें निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर कस्बे की राधाकृष्ण धर्मशाला में सेठों की हवेली निवासी निरंजनलाल गुप्ता की स्मृति में आयोजित होगा।
भारत विकास परिषद शाखा अध्यक्ष नीरज शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि शिविर का आयोजन अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। शाखा सेवा संयोजक ताराचंद गोयल और शिविर प्रभारी दिलीप सिंघल के नेतृत्व में 26 नवंबर को आयोजित होने वाले इस शिविर में मरीजों की निःशुल्क मोतियाबिंद जांच की जाएगी।
शाखा सचिव राजेन्द्र गर्ग ने बताया कि शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल के नेत्र चिकित्सकों की टीम रोगियों की जांच करेगी। जांच के दौरान मोतियाबिंद से ग्रस्त पाए जाने वाले मरीजों का जयपुर हॉस्पिटल में ऑपरेशन किया जाएगा। इसके साथ ही पिछले शिविर में ऑपरेशन करवा चुके मरीजों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए जाएंगे।
निरंजनलाल गुप्ता की स्मृति में आयोजित होने वाला यह 23वां शिविर नेत्र रोगियों की जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन और पूर्व में उपचार करा चुके मरीजों को चश्मे उपलब्ध कराने के लिए आयोजित किया जा रहा है।