न्यायिक अधिकारी और लोग अदालत परिसर में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते हुए लोक अदालत कार्यवाही में दिख रहे हैं।   

भुसावर न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के जरिए 16 लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें करीब 10 वर्ष से न्यायालय में लंबित एक मामले का समाधान भी दोनों पक्षों की सहमति से कराया गया। इससे लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे पक्षकारों को राहत मिली।

न्यायालय परिसर भुसावर में 21 नवंबर 2026 को तालुका विधिक सेवा समिति की ओर से एनआई एक्ट की धारा 138 से संबंधित प्रकरणों के राजीनामे के माध्यम से निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की गई। इस दौरान आपसी समझाइश और सहमति के आधार पर कुल 16 लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

तालुका विधिक सेवा समिति भुसावर के सचिव कन्नू जैन ने बताया कि विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए एक बेंच का गठन किया गया था। इसमें सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट शशिकांत गुप्ता ने अध्यक्षता की, जबकि प्रो बोनो अधिवक्ता सुशील कुमार पांडे सदस्य के रूप में शामिल रहे।

लोक अदालत की कार्यवाही के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट शशिकांत गुप्ता की समझाइश और प्रेरणा से करीब 10 वर्ष पुराने एक प्रकरण का भी निस्तारण कराया गया। दोनों पक्षों ने आपसी सुलह-समझौते और राजीनामे के माध्यम से विवाद का समाधान किया। इस तरह विशेष लोक अदालत में पुराने लंबित मामले का समाधान होने के साथ अन्य प्रकरणों का भी आपसी सहमति से निस्तारण हुआ।

इस अवसर पर अधिवक्ता प्रकाश चंद, धनेंद्र पांडेय, चंद्रशेखर तिवारी, धर्मेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे। वहीं, न्यायालय के सत्र बाबू जितेंद्र कुमार शर्मा, राजेंद्र कुमार, अनिल कुमार एवं अन्य न्यायिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Tags: