कामवन में सप्तकोसी परिक्रमा यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए
| राधावल्लभ जी मंदिर से शुरू होकर प्रमुख स्थलों से गुजरी यात्रा ने कस्बे के धार्मिक माहौल को जीवंत किया और समापन भी इसी मंदिर में हुआ।
कामवन में मंगलवार को सप्तकोसी परिक्रमा यात्रा के दौरान श्रद्धालु और सेवायत राधावल्लभ मंदिर पहुंचे।
कामवन। ब्रज के आदि वृंदावन धाम कामवन में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां आयोजित सप्तकोसी परिक्रमा यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिक्रमा मार्ग पर गूंजते राधे-राधे के जयकारों और ठाकुर जी के भजनों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा।
सप्तकोसी परिक्रमा यात्रा कस्बे के प्रसिद्ध राधावल्लभ जी मंदिर से मंदिर के सेवायत आशुतोष कौशिक के सानिध्य में प्रारंभ हुई। यात्रा शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने राधे-राधे के जयघोष के साथ परिक्रमा आरंभ की। भक्त ठाकुर जी के भजनों पर झूमते-गाते हुए निर्धारित परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते रहे।
परिक्रमा यात्रा वृंदा देवी मंदिर, लाल दरवाजा, कालका मंदिर, तीर्थराज विमल कुंड, यशोदा मैया, अशोक वाटिका, सेतु बांध, रामेश्वर, लुक-लुक कुंड, चरण पहाड़ी, वामन भैरव, फिसलनी शिला, भोजन थाली, अम्बेडकर चौराहा, दिल्ली दरवाजा और नगर पालिका होते हुए निकली।
इसके बाद यात्रा पुनः राधावल्लभ जी मंदिर पहुंची, जहां सप्तकोसी परिक्रमा का समापन हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता और राधे-राधे के जयघोष के बीच संपन्न हुई इस परिक्रमा यात्रा ने कामवन के धार्मिक और भक्तिमय वातावरण को जीवंत कर दिया।