बाइक-ट्रैक्टर भिड़ंत में दो घायल, उपचार के दौरान एक की मौत; पुलिस जांच में जुटी
भुसावर के खेड़ली मोड़ में बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत में दो जने घायल हुए, उपचार के दौरान 46 वर्षीय विश्राम की मौत हो गई।
तस्वीर में दुर्घटनाग्रस्त हुई नीले रंग की क्षतिग्रस्त बाइक नजर आ रही है।
भुसावर के खेड़ली मोड़ थाना इलाके में शुक्रवार को बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत में बाइक सवार दो जने गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान भेसीना निवासी 46 वर्षीय विश्राम पुत्र रामस्वरूप की मौत हो गई।
खेड़ली मोड़ थानाधिकारी ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव भेसीना निवासी दो जने बाइक से खेड़ली कस्बे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेड़ली मोड़ नगर सड़क मार्ग पर अलीपुर टोल प्लाजा के पास एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित अचानक सड़क पर आ गया। इससे बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई और बाइक सवार दोनों जने घायल हो गए।
दुर्घटना में गांव भेसीना निवासी 46 वर्षीय विश्राम पुत्र रामसरूप और राजाराम पुत्र भोमा घायल हुए। दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान विश्राम की मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने 46 वर्षीय मृतक विश्राम पुत्र रामस्वरूप का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। खेड़ली मोड़ थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।