तस्वीर में बयाना के एक सूखे कुएं के अंदर कड़बी के नीचे छिपाकर रखे गए दवाइयों के कार्टन नजर आ रहे हैं।   

बयाना क्षेत्र में सूखे कुएं के अंदर कड़बी के नीचे छिपाकर रखी गई 100 से अधिक कार्टन दवाइयां बरामद होने से मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बड़ी मात्रा में दवाइयां कुएं में छिपाए जाने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद बयाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भरतपुर से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

एसडीआरएफ की टीम ने कुएं में उतरकर कड़बी के नीचे छिपाए गए दवाइयों के 100 से अधिक कार्टन बाहर निकाले। सभी कार्टन पैक हालत में बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद दवाइयों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए तक बताई जा रही है। यह भी बताया गया है कि दवाइयों की एक्सपायरी डेट अभी नहीं निकली है।

पुलिस ने मामले की जानकारी BCMO डॉ. धर्मेंद्र चौधरी को दी। उनके निर्देश पर झील CHC प्रभारी डॉ. छगनलाल मौके पर पहुंचे। बरामद दवाइयों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर झील का बाड़ा स्थित CHC पहुंचाया गया। यहां दवाइयों की जांच के लिए औषधि विभाग की ADC भी पहुंचीं।

प्रारंभिक जांच में कार्टनों में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, एंटी एलर्जी, दर्द निवारक और वजन घटाने से संबंधित दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये दवाइयां एक निजी कंपनी की हैं। वहीं, यह जानकारी भी सामने आई है कि एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में दवाइयां मिली थीं। हालांकि, दवाइयां कुएं तक कैसे पहुंचीं और उन्हें वहां किसने छिपाया, इसकी पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मौके पर बयाना सदर थाना अधिकारी अवतार गुर्जर पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां कुएं में किसने और किस उद्देश्य से छिपाईं। औषधि विभाग की जांच के बाद बरामद दवाइयों की वास्तविक स्थिति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Tags: