भुसावर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत छौंकरवाड़ा कलां में सरपंच चुनाव के बाद जादू-टोने की आशंका से जुड़ा मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे दो बबूल के पेड़ों पर काले धागे से बंधे सूई निकले नींबू लटके मिले हैं। इन नींबुओं पर दो सरपंच प्रत्याशियों के नाम लिखे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, ढाडे वाली पोखर के पास सलैमपुर खुर्द जाने वाले रास्ते पर वर्तमान सरपंच के खेत के सामने सड़क किनारे लगे बबूल के पेड़ों पर ये नींबू लटके हुए मिले। इनमें से एक बबूल के पेड़ पर काले धागे में बंधे नींबू में सूई निकाली गई है। नींबू के ऊपर 'शत्रु नीलम/द्वारिका' लिखा हुआ मिला।

वहीं, थोड़ी दूरी पर स्थित दूसरे बबूल के पेड़ पर भी इसी तरह काले धागे में सूई निकला नींबू लटका मिला। इस नींबू पर 'शत्रु प्रमिला/हरवीर' लिखा हुआ है। दोनों नींबू पेड़ों पर अब भी लटके हुए हैं।

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव हुए 23 दिन बीत चुके हैं। इतने समय तक पेड़ों पर लटके रहने के कारण दोनों नींबू सूख गए हैं और उनका रंग भी फीका पड़ गया है।

दोनों पेड़ों पर प्रत्याशियों के नाम लिखकर नींबू लटकाए जाने की घटना ने गांव में जादू-टोने की आशंका को लेकर चर्चा पैदा कर दी है। हालांकि, इस मामले में किसी आधिकारिक जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

Tags: