डीग पुलिस की कार्रवाई: 7 असामाजिक तत्वों पर एक्शन, जागरूकता अभियान
| संवेदनशील स्थलों पर गश्त के साथ 30 लोगों को राजकोप, सिटीजन ऐप और हेल्पलाइन की जानकारी देकर सुरक्षा व साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
डीग। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीग पुलिस ने मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में एंटी रोमियो यूनिट ने 26 नवंबर को गश्त के दौरान कुल 7 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की। इनमें थाना खोह क्षेत्र के 6 और थाना कोतवाली डीग क्षेत्र का 1 व्यक्ति शामिल है।
पुलिस की एंटी रोमियो यूनिट ने कार्रवाई के साथ ही आम नागरिकों, छात्राओं और छात्रों को सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी चलाया। इस दौरान लगभग 30 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, राजकोप ऐप के उपयोग, महिला हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो यूनिट जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। विशेष रूप से स्कूलों और कॉलेजों के परिसरों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में गश्त की जा रही है। इन स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए पुलिस की ओर से यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यूनिट गश्त के साथ बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक भी कर रही है।
पुलिस की इस पहल में तकनीकी सुरक्षा और साइबर जागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। महिलाओं और छात्राओं के मोबाइल फोन में सिटीजन ऐप इंस्टॉल करवाया जा रहा है। साथ ही उन्हें ऐप के आपातकालीन फीचर्स और उनके सही उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया जा रहा है।
इसके अलावा विद्यालयों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर उनसे बचाव के सुरक्षात्मक उपाय बताए जा रहे हैं। डीग पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के साथ मनचलों तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जारी प्रयासों का हिस्सा है।