भुसावर स्थित सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में नकदी चोरी के मामले में न्यायालय ने आरोपी अमित उर्फ टाकन पुत्र जगदीश को दोषसिद्ध करते हुए 3 वर्ष के कारावास और 5 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। भुसावर न्यायालय के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 27 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया।

अभियोजन अधिकारी पंकज शर्मा ने बताया कि सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक भुसावर में नकदी चोरी होने के संबंध में परिवादी ने पुलिस थाना भुसावर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित उर्फ टाकन पुत्र जगदीश, मक्खन तथा बतन को गिरफ्तार कर अनुसंधान किया।

अनुसंधान के दौरान मक्खन और बतन फरार हो गए। वहीं, आरोपी अमित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ न्यायालय में विचारण किया गया।

न्यायालय ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 27 नवंबर 2026 को अमित उर्फ टाकन को दोषसिद्ध ठहराया। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत आरोपी को 3 वर्ष के कारावास और 5 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में हुई नकदी चोरी के मामले में न्यायालय के इस फैसले के साथ आरोपी को सजा सुनाई गई है।

Tags: