भुसावर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 51 मीटर लंबे तिरंगे ने खींचा सभी का ध्यान
भुसावर में आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। 51 मीटर लंबे तिरंगे और भारत माता के जयकारों ने सबका ध्यान खींचा।
तस्वीर में भुसावर में माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थी और गणमान्य लोग हाथ में बैनर और तिरंगा लेकर मार्ग पर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
भुसावर कस्बे में विद्या भारती द्वारा संचालित माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर परिसर से विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों की इस यात्रा से कस्बे का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
विद्यालय के व्यवस्थापक रोहित सिंघल ने बताया कि तिरंगा यात्रा को नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा एवं समिति अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद यात्रा कस्बे के हिंडौन रोड, मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
यात्रा में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगे लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। इस दौरान 51 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए भारत माता के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
इस अवसर पर संरक्षक शेरसिंह सैनी, रघुनाथ पचहरा, प्रधानाचार्य गोरधन शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। विद्यार्थियों की तिरंगा यात्रा ने कस्बे में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश प्रस्तुत किया।