तस्वीर में भुसावर के मार्ग पर स्कूली बच्चे और अधिकारी हाथों में लंबा तिरंगा थामकर और राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए रैली निकालते नजर आ रहे हैं।

भुसावर। कस्बा भुसावर में नगर पालिका की ओर से विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्कूली बच्चों, अधिकारी-कर्मचारियों और आमजन के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराता नजर आया तथा सभी में देशभक्ति का जज्बा दिखाई दिया।

नगर पालिका भुसावर के अधिशाषी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भुसावर में भव्य तिरंगा रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बहादुर सिंह कोली रहे, जबकि अध्यक्षता उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने की। अतिथियों ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली कस्बे के छोंकरवाड़ा सड़क मार्ग स्थित आर्य महिला विद्यापीठ से शुरू होकर राजकीय श्री जगन्नाथ पहाड़िया उच्च माध्यमिक विद्यालय के क्रीड़ा स्थल पर पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ तिरंगा रैली का समापन किया गया।

इस दौरान उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने सभी लोगों से अपने घरों और दुकानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने तिरंगों का वितरण भी किया।

नगर पालिका की ओर से आयोजित इस भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों, अधिकारी-कर्मचारियों और आमजन के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराता रहा। पूरे आयोजन में देशभक्ति का जज्बा दिखाई दिया। कार्यक्रम में भुसावर थाना पुलिस सहित सभी विभागों का विशेष सहयोग रहा।

Tags: