तस्वीर में भुसावर उपखंड के घाटरी क्रेशर जोन में आयोजित क्रेशर यूनियन की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और क्रेशर संचालक नजर आ रहे हैं।

भुसावर उपखंड के घाटरी क्रेशर जोन में बुधवार को क्रेशर यूनियन की आवश्यक बैठक कार्यवाहक नरेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पिछले एक पखवाड़े से गांव घाटरी के मंदिर पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने, ग्रामीणों की अवैध खनन एवं क्रेशरों के अवैधानिक संचालन संबंधी शिकायतों तथा क्रेशर बचाओ, रोजगार बचाओ की मांग को लेकर चल रहे धरने को लेकर चर्चा की गई।

क्रेशर यूनियन के सदस्य रजनेश भगोरी ने बताया कि घाटरी क्रेशर जोन में संचालित क्रेशर यूनियन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की आवश्यक बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। यूनियन ने तय किया कि क्रेशरों का संचालन राजस्थान सरकार की ओर से बनाए गए नियमों और शर्तों के अनुसार ही किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घाटरी क्रेशर जोन में सभी क्रेशरों का संचालन राजस्थान सरकार की निर्धारित शर्तों के अनुसार वैधानिक रूप से किया जा रहा है। राजस्थान सरकार के खनिज विभाग की ओर से निर्धारित लीज क्षेत्र का ड्रोन से सर्वे होने के कारण अवैध खनन नहीं किया जा सकता है।

रजनेश भगोरी ने बताया कि राजस्थान सरकार के खनिज विभाग की ओर से निर्धारित सीमा में ही खनन सामग्री का उपयोग किया जाएगा। साथ ही क्रेशर जोन में स्थित क्रेशरों से खनिज सामग्री का परिवहन वाहनों के माध्यम से सरकार के नियमों और शर्तों के अनुसार ही किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गांव घाटरी के आसपास से होकर क्रेशरों से जाने वाले वाहनों से उड़ने वाली डस्ट पर नियंत्रण के लिए वाहनों के ऊपर तिरपाल लगाए जाने के साथ पहले से ही पानी के टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। अब पानी के टैंकरों की संख्या में वृद्धि कर आम रास्तों और सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा।

क्रेशर यूनियन ने कहा कि क्रेशर जोन में राजस्थान सरकार की ओर से क्रेशर संचालन के लिए बनाए गए नियमों की शत-प्रतिशत पालना की जाएगी। साथ ही जिन क्रेशरों पर पेड़ सूख गए हैं या पेड़ नहीं हैं, उन क्रेशरों के आसपास के स्थानों पर पेड़ लगाए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्थान सरकार की ओर से क्रेशरों के संचालन के लिए बनाए गए नियमों और शर्तों के विरुद्ध कोई कार्य क्रेशर संचालक नहीं करेगा। बैठक में यूनियन ने ग्रामीणों की समस्याओं और क्रेशर बचाओ, रोजगार बचाओ से जुड़े मुद्दों को भी संज्ञान में लेते हुए नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आयोजित बैठक में जितेंद्र तिवाड़ी, अशोक तिवाड़ी, प्रताप पटेल, लाला भरतपुर, सौरभ अग्रवाल, योगेश चाहर, बंटी शर्मा, अनिल चौधरी, बी के चौधरी, प्रकाश चौधरी, उमेश कुमार, चंचल अग्रवाल और उद्धव सहित क्रेशर मालिक उपस्थित रहे।

Tags: